डीएम सविन बंसल का अल्टीमेटम: कानून से ऊपर कोई नहीं, 17 होमस्टे पर गिरी गाज

Spread the love

देहरादून। जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने ‘ऑपरेशन सफाई’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रथम चरण में 17 होमस्टे का पंजीकरण निरस्त कर दिया है। साथ ही इन होमस्टे को पर्यटन विभाग की वेबसाइट से हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर गठित मजिस्ट्रेट की 5 टीमों ने महज 7 दिनों में व्यापक जांच अभियान चलाया, जिसमें कई होमस्टे होटल की तरह संचालित होते पाए गए। जांच में सामने आया कि इन स्थानों पर नियमों के विपरीत बार संचालन, लाउड डीजे और देर रात तक पार्टी जैसी गतिविधियां चल रही थीं, जिससे ये स्थान अय्याशी और अव्यवस्था के अड्डे बनते जा रहे थे।

प्रशासनिक जांच में यह भी खुलासा हुआ कि कई होमस्टे बिना अग्निशमन उपकरण, बिना फूड लाइसेंस और निर्धारित मानकों का पालन किए बिना संचालित हो रहे थे। कुछ जगहों पर होमस्टे को लीज पर देकर व्यावसायिक गतिविधियां चलाई जा रही थीं, जबकि कई स्थानों पर स्वामी स्वयं मौजूद नहीं पाए गए। निर्धारित क्षमता से अधिक कमरों का संचालन, विदेशी नागरिकों के ठहराव की सूचना (सी-फॉर्म) न देना और पंजीकरण के बावजूद संचालन न होना जैसी गंभीर अनियमितताएं भी सामने आईं।

डीएम सविन बंसल ने स्पष्ट कहा, “आमजन की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून से ऊपर कोई नहीं है और अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”

प्रशासन के अनुसार, शहर में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं, नशे में वाहन चलाने, हुड़दंग और फायरिंग जैसी घटनाओं के पीछे इन अवैध रूप से संचालित होमस्टे की भूमिका भी सामने आई है। बाहरी उपद्रवी तत्व इन स्थानों में ठहरकर कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन रहे थे।

जिलाधिकारी ने कहा कि होमस्टे योजना का मूल उद्देश्य स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और रोजगार को बढ़ावा देना है, लेकिन इसका दुरुपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी होमस्टे संचालकों को नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने साफ किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *