स्व. प्रेम सिंह बिष्ट की जयंती बनी प्रेरणा का पर्व, छात्र-छात्राओं को बांटे सम्मान चेक

Spread the love

ऋषिकेश। पूर्व ग्राम प्रधान स्वर्गीय प्रेम सिंह बिष्ट की 77वीं जयंती पर सूर्य किरण वेलफेयर सोसायटी द्वारा सामुदायिक भवन, विस्थापित कॉलोनी इंद्रानगर ऋषिकेश में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के 21 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहन स्वरूप एक-एक हजार रुपये के चेक एवं सम्मान पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्व. प्रेम सिंह बिष्ट के चित्र पर पुष्पांजलि एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। समारोह में शिक्षा, समाजसेवा और युवा प्रेरणा का संदेश दिया गया।

मुख्य अतिथि राष्ट्रीय हिन्दू शक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राघवेन्द्र भटनागर ने कहा कि युवा पीढ़ी राष्ट्र का भविष्य है और शिक्षा समाज को नई दिशा देने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।

सूर्य किरण वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष डी.बी.पी.एस. रावत ने कहा कि समाज सेवा का सबसे श्रेष्ठ माध्यम शिक्षा है और संस्था समय-समय पर प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित करती रहती है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर कुल 21 हजार रुपये की धनराशि वितरित की गई।

पार्षद राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट एवं पार्षद संजय प्रेम सिंह बिष्ट ने अपने पिता स्व. प्रेम सिंह बिष्ट को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने सदैव जनसेवा और समाजहित को प्राथमिकता दी। उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया।

इस अवसर पर राजेंद्र प्रसाद पांडेय, ओम प्रकाश गुप्ता, शिवेंद्र ध्यानी, शिक्षक नरेंद्र खुराना, राम सिंह पंवार, सुरेंद्र सिंह नेगी, विकास नेगी, रंजन अन्थवाल सहित आदि लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम सामाजिक समरसता एवं शिक्षा प्रोत्साहन के वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *