श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में जुटे मेडिकल विशेषज्ञ, फैकल्टी डेवलपमेंट पर हुआ मंथन

Spread the love

देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज (एसजीआरआरआईएमएंडएचएस) में नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) से स्वीकृत तीन दिवसीय बेसिक कोर्स इन मेडिकल एजुकेशन का आयोजन किया गया। 31 अगस्त से 2 सितंबर तक चले कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के मेडिकल एजुकेशन विभाग ने मेडिकल एजुकेशन के क्षेत्रीय कार्यालय, हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के तत्वावधान में किया।

कार्यक्रम में एसजीआरआरआईएमएंडएचएस के निदेशक डॉ. नीलकमल कुमार ने फैकल्टी सदस्यों और विशेषज्ञों का स्वागत किया। प्राचार्य डॉ. उत्कर्ष शर्मा ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम मेडिकल कॉलेजों में चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों के प्रति फैकल्टी सदस्यों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नेशनल फैकल्टी डेवलपमेंट के तहत चिकित्सा शिक्षकों की शिक्षण क्षमता को विकसित करना है।

कार्यक्रम में एसजीआरआरआईएमएंडएचएस के 28 तथा रास बिहारी बोस सुभारती विश्वविद्यालय के गौतम बुद्ध चिकित्सा महाविद्यालय के दो फैकल्टी सदस्यों समेत कुल 30 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। वरिष्ठ विशेषज्ञों ने मेडिकल शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर व्याख्यान दिए। साथ ही प्रश्नोत्तर सत्र के दौरान प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान किया गया।

कार्यक्रम में डॉ. अंजली चौधरी, डॉ. निधि जैन, डॉ. पुनीत ओहरी, डॉ. राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव, डॉ. मेघा लूथरा, डॉ. वैशाली धनंजय, डॉ. आलोक वर्धन माथुर, डॉ. ललित कुमार, डॉ. रोबिना मक्कड़, डॉ. सुलेखा नौटियाल और डॉ. धनंजय श्रीकांत ने विभिन्न विषयों पर व्याख्यान दिए।

मेडिकल एजुकेशन विभाग के समन्वयक एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. पुनीत ओहरी ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम फैकल्टी सदस्यों को बेहतर शिक्षण के लिए तैयार करने में उपयोगी साबित होते हैं। इससे मेडिकल विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी शिक्षा उपलब्ध कराने में भी मदद मिलती है।

कार्यक्रम एनएमसी की पर्यवेक्षक डॉ. किरण भट्ट के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र वर्मा भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की सह-समन्वयक डॉ. अंजली चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *