देहरादून। उत्तराखंड एमेच्योर किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में 4वीं उत्तराखंड राज्य स्तरीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन देहरादून स्थित माउंट लिटरा ज़ी स्कूल में किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
तीर्थ नगरी ऋषिकेश के शिवानी फाइट क्लब के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न वर्गों में स्वर्ण पदक हासिल किए। सब जूनियर वर्ग में सोनाक्षी, वर्णिका कोटियाल, मनन डोगरा और आरव रावत ने स्वर्ण पदक जीते। जूनियर वर्ग में साइमन सपरा, नैतिक राजपूत और सार्थक भट्ट ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए, जबकि सीनियर वर्ग में सानिया बढई ने स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।
कोच शिवानी गुप्ता ने बताया कि सब जूनियर वर्ग के स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ियों का चयन आगामी राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता, मध्य प्रदेश के लिए किया गया है। जूनियर वर्ग के चयनित खिलाड़ी भुवनेश्वर (उड़ीसा) में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे, जबकि सीनियर वर्ग के चयनित खिलाड़ी गुजरात में आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर देवभूमि फाइट क्लब के अध्यक्ष सत्यवीर सिंह तोमर, कोषाध्यक्ष विपिन डोगरा, एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविंद कोटनाला, सचिव मुक्तिपता सतपथी, ओम प्रकाश मल, सतेंद्र कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
