SGRRU में खेलोत्सव की धूम, 11 संघटक स्कूलों के खिलाड़ी मैदान में दिखाएंगे अपना हुनर

Spread the love

देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता ‘खेलोत्सव-2026’ का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। 28 अक्टूबर से 2 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस छह दिवसीय खेल महोत्सव में विश्वविद्यालय के 11 संघटक स्कूलों के 5000 से अधिक छात्र-छात्राएं 15 विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उद्घाटन समारोह में एनसीसी बैंड, एनसीसी एवं एनएसएस कैडेट्स तथा विभिन्न संघटक स्कूलों के विद्यार्थियों ने अनुशासित परेड के माध्यम से खेल भावना, एकता और अनुशासन का संदेश दिया।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विपिन चंद्र घिल्डियाल ने खेलोत्सव के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की। खेलोत्सव के चेयरपर्सन डॉ. पुनीत ओहरी, सचिव डॉ. एसपी जोशी और योग में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक विजेता सुमीर ने खेल मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों ने खेल मशाल के साथ ट्रैक का चक्कर लगाकर समारोह में उत्साह का संचार किया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अध्यक्ष श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने खिलाड़ियों, आयोजन समिति, शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को खेलोत्सव के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। डॉ. वाणी शर्मा ने अध्यक्ष श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज का संदेश एवं आशीर्वचन खिलाड़ियों के समक्ष प्रस्तुत किए।

कुलपति प्रो. विपिन चंद्र घिल्डियाल ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उनके व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना भी है। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह और समर्पण के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का आह्वान करते हुए कहा कि जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना, अनुशासन और निरंतर बेहतर प्रदर्शन का प्रयास है।

विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. सोनिका कंडारी ने कहा कि खेलोत्सव विद्यार्थियों की ऊर्जा, प्रतिभा और सामूहिक सहभागिता का उत्सव है। शिक्षा के साथ खेलों में भागीदारी विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास के लिए आवश्यक है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

समारोह में गढ़वाली लोक संगीत पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, योग के विद्यार्थियों ने विभिन्न योगासनों के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक संतुलन का संदेश दिया। एनसीसी की 11 यूके बटालियन के अंडर ऑफिसर आदर्श भंडारी और अंडर ऑफिसर नीलम ने कैडेट्स का प्रतिनिधित्व करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी। कॉलेज ऑफ नर्सिंग की छात्रा एवं राष्ट्रीय स्तर की रजत पदक विजेता दिव्या रावत ने प्रतिभागियों को खेल भावना की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम का संचालन आकृति रावत और यश मदान ने किया, जबकि खेलोत्सव आयोजन समिति के सचिव डॉ. एसपी जोशी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में कुलसचिव डॉ. सोनिका कंडारी सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *