खेल चरित्र और अनुशासन की पाठशाला: डॉ. राजे नेगी, ग्रैपलिंग के विजेता खिलाड़ियों को मिला सम्मान

Spread the love

टिहरी। राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में जिला खेल कार्यालय नरेंद्रनगर एवं ग्रैपलिंग एसोसिएशन ऑफ टिहरी गढ़वाल के संयुक्त तत्वावधान में पूर्णानंद खेल मैदान में आयोजित अंडर-19 बालक-बालिका ग्रैपलिंग प्रतियोगिता का रविवार को भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। समापन समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजलवान, भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश पुंडीर, सेवानिवृत्त एयरफोर्स अधिकारी डी.पी. रतूड़ी एवं समाजसेवी भुवनेश्वर प्रसाद भारद्वाज ने विजेता खिलाड़ियों को पदक एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ अखिल भारतीय सनातन संगठन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. राजे नेगी ने किया था। उन्होंने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की पाठशाला हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में अपार प्रतिभा है और उन्हें उचित मंच एवं मार्गदर्शन मिले तो वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।

नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजलवान ने कहा कि खेल स्वस्थ समाज की नींव हैं और नगर क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा। भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश पुंडीर ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण को सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने युवाओं से खेलों के माध्यम से नशामुक्त एवं सशक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

सेवानिवृत्त एयरफोर्स अधिकारी डी.पी. रतूड़ी ने कहा कि ग्रैपलिंग जैसे खेल युवाओं में आत्मविश्वास, मानसिक दृढ़ता और आत्मरक्षा की भावना विकसित करते हैं। समाजसेवी भुवनेश्वर प्रसाद भारद्वाज ने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को नई पहचान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

प्रतियोगिता के निष्पक्ष एवं सफल संचालन में रेफरी पैनल के विशाल शर्मा, सार्थक सेमवाल, अजय कुमार, शिवानी काला, शीतल रावल, विजय गैरोला, विकास एवं करन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन की सफलता में जिला क्रीड़ा अधिकारी दीपक रावत, ग्रैपलिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव नवीन रयाल, ग्रैपलिंग टिहरी गढ़वाल के सचिव अनुज गौड़ तथा सह-कोषाध्यक्ष दीपाली रयाल का विशेष योगदान रहा। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, खिलाड़ियों एवं सहयोगियों का आभार जताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *