31 मार्च 2027 तक कचरे का शत-प्रतिशत निस्तारण लक्ष्य, शहरी विकास निदेशालय ने तेज की तैयारी

Spread the love

देहरादून। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शहरी विकास निदेशालय, उत्तराखंड में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्वच्छता कर्मियों को प्राथमिकता देते हुए अंत्योदय की भावना के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शहरी विकास निदेशक विनोद गोस्वामी ने स्वच्छता कर्मियों के साथ दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर निदेशक विनोद गोस्वामी ने कहा कि महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों और आदर्शों को साकार करने के उद्देश्य से वर्ष 2014 में स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत की गई थी। इसके तहत प्रदेश में घर-घर कूड़ा संग्रहण, कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण और पुराने कचरे (लीगेसी वेस्ट) के निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में शेष लीगेसी कचरे का 31 मार्च 2027 तक शत-प्रतिशत वैज्ञानिक निस्तारण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

निदेशक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अंत्योदय की भावना के साथ कार्य करते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और जनकल्याण से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के क्षेत्र में उत्तराखंड द्वारा उत्कृष्ट कार्य किए जाने पर अपर निदेशक प्रवीण कुमार, निदेशक के सहायक राजीव पांडे और जगबीर सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर देशभक्ति गीतों और महात्मा गांधी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति भी दी गई। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गांधी और शास्त्री के आदर्शों पर चलने तथा स्वच्छता एवं जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में अपर निदेशक प्रवीण कुमार, संयुक्त निदेशक अवधेश कुमार, वरिष्ठ वित्त अधिकारी प्रवीन कोर, रवि पांडे, सहायक निदेशक विनोद कुमार, शांति प्रसाद जोशी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कालिका प्रसाद भट्ट सहित विभिन्न योजनाओं के विशेषज्ञ एवं निदेशालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *