पढ़ाई के साथ खेल भी जरूरी, गुरुकुल कांगड़ी में क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ

Spread the love

हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय में गुरुवार को अंतर-ब्रांच क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ उद्योगपति एवं समाजसेवी डॉ. अमन गुप्ता ने पहली गेंद खेलकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता भी विकसित होती है।

डॉ. अमन गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। क्रिकेट सहित अन्य खेलों के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के साथ विश्वविद्यालय और देश का नाम रोशन कर सकते हैं।

संकायाध्यक्ष प्रो. मयंक अग्रवाल ने कहा कि तकनीकी शिक्षा के साथ खेल गतिविधियां भी विद्यार्थियों के लिए आवश्यक हैं। अभियांत्रिकी के विद्यार्थियों पर पढ़ाई और तकनीकी अध्ययन का दबाव रहता है। ऐसे में खेल उन्हें तनावमुक्त रखने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में सहायक होते हैं।

टूर्नामेंट संयोजक डॉ. धर्मेंद्र बालियान ने बताया कि प्रतियोगिता में संकाय की विभिन्न ब्रांचों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है। वहीं, सहायक कुलसचिव डॉ. पंकज कौशिक ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में सहयोग, आत्मविश्वास और अनुशासन जैसे गुण विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं।

राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मयंक पोखरियाल ने कहा कि खेल विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देने के साथ उन्हें स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। ऐसे आयोजन फिट इंडिया अभियान की भावना को भी बढ़ावा देते हैं।

इस अवसर पर संकाय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *