देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) में आयोजित दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव ‘जेनिथ 2026’ का समापन मंगलवार को सुरों, रोशनी और रोमांटिक माहौल के बीच भव्य अंदाज़ में हुआ। अंतिम दिन का मुख्य आकर्षण रहे बॉलीवुड गायक विशाल मिश्रा, जिनकी लाइव प्रस्तुति ने हजारों युवाओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम से पहले विशाल मिश्रा ने श्री दरबार साहिब में माथा टेककर पूजनीय महंत देवेन्द्र दास से आशीर्वाद लिया। परंपरा के अनुसार उनका स्वागत किया गया।
हेलीपैड ग्राउंड में हाई वोल्टेज साउंड और आकर्षक लाइटिंग के बीच विशाल मिश्रा ने एक के बाद एक सुपरहिट गीतों की प्रस्तुति दी। “पहले भी मैं”, “कैसे हुआ”, “जानिये”, “तेरी हो गईयां”, “दिल झूम”, “चल तेरे इश्क में” और “मांझा” जैसे गीतों पर युवा देर रात तक झूमते रहे। मोबाइल फ्लैशलाइट्स के बीच बना रोमांटिक माहौल कार्यक्रम की खास पहचान बना।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय संगीत जगत की महान गायिका आशा भोसले को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनके अमर गीतों की प्रस्तुति के साथ पूरा परिसर भावुक हो उठा और दर्शकों ने तालियों के साथ उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कहा गया कि आशा भोसले जैसी महान विभूतियों का संगीत सदैव नई पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा।
कार्यक्रम में कुलपति डॉ. के प्रतापन, कुलसचिव डॉ. लोकेश गम्भीर, आयोजन समिति के पदाधिकारी, विभिन्न संकायों के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
