ऋषिकेश। भारत विकास परिषद की योग नगरी ऋषिकेश शाखा का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को देहरादून रोड स्थित एक होटल में आयोजित हुआ। समारोह में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने समाजसेवा, राष्ट्रहित और भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। शाखा के पुनर्गठन में नगर निगम ऋषिकेश की प्रथम महापौर एवं परिषद की संरक्षक अनीता ममगाईं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समारोह की अध्यक्षता महामंडलेश्वर स्वामी यात्रितानंद गिरी महाराज ने की। उन्होंने कहा कि भारत विकास परिषद समाज में सेवा और परोपकार के कार्यों को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने ऋषिकेश में परिषद की शाखा के पुनर्गठन के लिए अनीता ममगाईं के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि परिषद एम्स ऋषिकेश में आने वाले मरीजों और चारधाम यात्रा पर आने वाले यात्रियों की सेवा के लिए भी कार्य करेगी।
मुख्य वक्ता परिषद के क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव डॉ. सत्येंद्र मित्तल ने कहा कि भारत विकास परिषद सेवा, संस्कार, संपर्क, सहयोग और समर्पण के माध्यम से समाज को नई दिशा देने वाला राष्ट्रव्यापी संगठन है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाना और युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों से जोड़ना परिषद का प्रमुख उद्देश्य है।
समारोह में पवन शर्मा ने अध्यक्ष, भावेश जोशी व अपूर्व भंडारी ने सचिव, आकाश जैन ने संगठन सचिव, अनिता रैना ने महिला संयोजक, पंकज शर्मा ने संयोजक संपर्क, निमेश शर्मा ने संयोजक पर्यावरण, नितिन राठी ने संयोजक संस्कार तथा हितेंद्र पवार ने संयोजक सेवा की जिम्मेदारी संभाली। अनीता ममगाईं एवं चंद्रवीर पोखरियाल को संरक्षक बनाया गया।
क्षेत्रीय संयोजक संपर्क निशा अग्रवाल ने सामाजिक समरसता और आपसी सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया। प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. मनीषा सिंघल ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए टीम भावना के साथ सेवा कार्यों को व्यापक बनाने का आह्वान किया। प्रांतीय महासचिव संजय गर्ग ने परिषद की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
एम्स ऋषिकेश की निदेशक डॉ. मीनू सिंह ने परिषद के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए ऋषिकेश में सेवा गतिविधियों के लिए भवन की व्यवस्था करने का आग्रह किया और एम्स की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। क्षेत्रीय संयोजक सेवा डॉ. संगीता ने स्वास्थ्य, शिक्षा और जरूरतमंद वर्गों तक सेवा पहुंचाने को प्राथमिकता देने की बात कही।
—वर्षों से बंद गतिविधियों को मिली नई शुरुआत
परिषद की संरक्षक अनीता ममगाईं ने कहा कि ऋषिकेश में भारत विकास परिषद की शाखा पहले भी सक्रिय रूप से कार्य कर रही थी, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से इसकी गतिविधियां बंद थीं। अब शाखा को पुनर्जीवित किया गया है। उन्होंने कहा कि ऋषिकेश जैसे धार्मिक और पर्यटन नगर में सामाजिक संगठनों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। परिषद के माध्यम से सेवा, संस्कार और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को नई गति दी जाएगी।
समारोह में भाजपा नेता प्रतीक कालिया, अनिल ध्यानी, अनिकेत गुप्ता, संदीप शास्त्री, विजय बडोनी, अनूप बडोनी, राजेश गौतम, मनीष बनवाल, रमेश अरोड़ा, अजय कालरा, पार्षद संजय ध्यानी, पार्षद आशु डंग, पार्षद राजेश कोटियाल, प्रीति राठी सहित परिषद के पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने जरूरतमंदों तक सेवा पहुंचाने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
