परीक्षा के दबाव से राहत दिलाने आगे आया गुरुकुल कांगड़ी, योग-प्राणायाम से छात्रों को नई ऊर्जा

Spread the love

हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संकाय में चल रही सेमेस्टर परीक्षाओं के बीच विद्यार्थियों को तनावमुक्त और मानसिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से विशेष योग शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। बी.टेक सहित विभिन्न तकनीकी पाठ्यक्रमों की परीक्षाओं के दौरान छात्रों पर बढ़ते अध्ययन दबाव को देखते हुए यह पहल शुरू की गई है।

संकाय के खेलकूद अधिकारी एवं योगाचार्य डॉ. धर्मेंद्र बालियान के निर्देशन में प्रतिदिन आयोजित योग सत्रों में विद्यार्थियों को योग क्रियाएं, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया जा रहा है। डॉ. बालियान ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो न केवल शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक संतुलन, एकाग्रता और आत्मविश्वास को भी सुदृढ़ बनाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

संकायाध्यक्ष प्रो. मयंक अग्रवाल ने कहा कि परीक्षाओं के दौरान छात्रों पर अध्ययन का अतिरिक्त दबाव स्वाभाविक है। ऐसे समय में योगाभ्यास मानसिक मजबूती प्रदान करने के साथ उनकी कार्यक्षमता और एकाग्रता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होता है। इसी उद्देश्य से संकाय स्तर पर नियमित रूप से योग शिविर संचालित किए जा रहे हैं।

इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष प्रो. विपुल शर्मा ने बताया कि शिविर में छात्रों को प्राणायाम, जलनेति, सूत्रनेति, अनुलोम-विलोम, कपालभाति तथा विभिन्न सूक्ष्म आसनों का अभ्यास कराया जा रहा है। इन योग क्रियाओं से शारीरिक और मानसिक क्षमता में वृद्धि होती है तथा परीक्षा संबंधी तनाव को कम करने में मदद मिलती है।

सहायक कुलसचिव डॉ. पंकज कौशिक ने कहा कि तकनीकी शिक्षा से जुड़े विद्यार्थियों पर अध्ययन, प्रोजेक्ट और नवाचार कार्यों का निरंतर दबाव रहता है। ऐसे में योग शिविरों के साथ-साथ खेलकूद गतिविधियों का आयोजन भी किया जा रहा है, ताकि छात्र शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से तनावमुक्त और शैक्षणिक रूप से अधिक सक्षम बन सकें।

कार्यक्रम में डॉ. गजेन्द्र सिंह रावत, डॉ. लोकेश जोशी, डॉ. तनुज गर्ग, डॉ. अनुज शर्मा, डॉ. अतुल वार्ष्णेय, लोकेश भारद्वाज, उमाशंकर, दलजीत सिंह, अशोक सिंह, तरुण ऋषि सहित संकाय के अनेक शिक्षक, कर्मचारी और सैकड़ों विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि छात्रों के समग्र विकास, मानसिक स्वास्थ्य और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी ऐसे योग एवं स्वास्थ्यवर्धक कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *