व्यापारियों की समस्याओं पर मंत्री राम सिंह कैड़ा का आश्वासन, प्रतीक कालिया की पहल से किराया विवाद पहुंचा सरकार तक

Spread the love

ऋषिकेश। नगर निगम ऋषिकेश द्वारा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के किराए में कथित अनियमित वृद्धि का मामला मंगलवार को उत्तराखंड सरकार के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा के समक्ष प्रमुखता से उठा। ऋषिकेश में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने बढ़े हुए किराए को लेकर अपना विरोध दर्ज कराते हुए इसे व्यावहारिक एवं न्यायसंगत बनाए जाने की मांग की।

व्यापारियों ने मंत्री को अवगत कराया कि नगर निगम की ओर से किराए में की गई वृद्धि से स्थानीय कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है, जिससे व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने मांग की कि किराया निर्धारण पारदर्शी, तर्कसंगत और व्यापारियों की आर्थिक क्षमता के अनुरूप किया जाए।

शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने व्यापारियों की बात गंभीरता से सुनते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में किराया निर्धारण मनमाने ढंग से नहीं होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस विषय पर संबंधित अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि नगर निगम केवल नियमानुसार एवं न्यायोचित किराया ही वसूले। उन्होंने भरोसा दिलाया कि व्यापारियों के हितों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

इस अवसर पर व्यापार मंडल के महामंत्री एवं भाजपा जिला महामंत्री प्रतीक कालिया ने मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यापारियों की समस्याओं पर सरकार का सकारात्मक रुख समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

कार्यक्रम में भाजपा ऋषिकेश के जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा, पवन शर्मा, सुशील रस्तोगी, विमल ठाकुर सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *