ऋषिकेश बना सेवा का केंद्र: सेवा भारती के मंच से सामाजिक समर्पण का आह्वान

Spread the love

ऋषिकेश,। सेवा, संस्कार और सामाजिक समर्पण के भाव से ओतप्रोत वातावरण के बीच सेवा भारती उत्तराखंड जिला ऋषिकेश द्वारा संचालित 31 सेवा केंद्रों का वार्षिक उत्सव गुरुवार को देहरादून रोड स्थित बैंक्वेट हॉल में भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों तथा विभिन्न वर्गों के लोगों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।

कार्यक्रम में सेवा भारती के सेवा केंद्रों से जुड़े छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक, देशभक्ति एवं योग आधारित प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, सामाजिक चेतना और राष्ट्रभाव का प्रभावशाली संदेश दिया। प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावुक करने के साथ समाज सेवा के प्रति प्रेरित भी किया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं सेवा भारती उत्तराखंड के प्रांत कार्यवाह दिनेश प्रसाद सेमवाल ने कहा कि सेवा भारती का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि संगठन “नर सेवा ही नारायण सेवा” के सिद्धांत पर कार्य करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार और स्वावलंबन के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि स्वयंसेवकों ने युद्धकाल से लेकर प्राकृतिक आपदाओं तक हर परिस्थिति में सेवा की मिसाल पेश की है। संस्था द्वारा वंचित बच्चों के लिए अनौपचारिक शिक्षा केंद्र, छात्रावास, संस्कार केंद्र, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, चिकित्सा सेवाएं, महिलाओं एवं युवाओं के लिए सिलाई केंद्र, कंप्यूटर प्रशिक्षण तथा अन्य व्यावसायिक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष डॉ. हेतराम ममगाई ने कहा कि वार्षिक उत्सव का उद्देश्य समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों तक सेवा कार्यों को पहुंचाने के साथ अधिक से अधिक लोगों को सेवा अभियान से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है।

वार्षिक उत्सव के दौरान सेवा भारती की विभिन्न गतिविधियों का प्रस्तुतीकरण किया गया तथा समाजहित में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उद्योगपति उपेन्द्र विज्ञानी एवं विशिष्ट अतिथि विनोद कोठारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर पूर्व महापौर अनिता ममगाई, सुरेंद्र मोगा, नरेंद्र नेगी, संजय शास्त्री, संजीव चौहान, नरेश उनियाल, के.एस. राणा, राजेंद्र पांडेय, राजीव थपलियाल, पंकज जुगलान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *